30,Jul-2026

जी.डी. मेमोरियल ग्रुप ऑफ कॉलेज में

जी.डी. मेमोरियल कॉलेज में शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य, कार्यकुशलता एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से "स्ट्रेस मैनेजमेंट" विषय पर एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अकादमिक निदेशक प्रो. जे. जे. मिश्रा द्वारा मुख्य वक्ता डॉ. सृष्टि देथा (एमबीबीएस, एम.डी. मनोचिकित्सा), सहायक आचार्य एवं मनोचिकित्सक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए किया गया। अपने व्याख्यान में डॉ. सृष्टि देथा ने वर्तमान समय में बढ़ते तनाव के कारणों, उसके मानसिक एवं शारीरिक प्रभावों तथा उससे प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की आधारशिला हैं, इसलिए उनका मानसिक रूप से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, नियमित योग एवं ध्यान, संतुलित जीवनशैली तथा प्रभावी संवाद को तनाव प्रबंधन के प्रमुख आधार बताते हुए इन्हें दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। व्याख्यान के दौरान शिक्षकों ने तनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. देथा ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। अंत में मुख्य वक्ता डॉ. सृष्टि देथा को डॉ. विशु वैष्णव के द्वारा स्मृति चिह्न भेट कर सम्मानित किया गया।