जी.डी. मेमोरियल ग्रुप ऑफ़ कॉलेज में "साइबर सुरक्षा " पर अतिथि व्याख्यान आयोजित
जी.डी. मेमोरियल ग्रुप ऑफ़ कॉलेज में "साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध जागरूकता" विषय पर एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अकादमिक निदेशक प्रो. जे.जे. मिश्रा द्वारा मुख्य वक्ता डॉ. अर्जुन चौधरी, उपनिदेशक (डिप्टी डायरेक्टर ), सेंटर फॉर साइबर सिक्योरिटी, सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ पुलिस, सिक्योरिटी एंड क्रिमिनल जस्टिस, जोधपुर का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया । अपने व्याख्यान में डॉ. चौधरी ने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूप, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, साइबर कानून, डिजिटल गोपनीयता तथा सुरक्षित डिजिटल प्रथाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड एवं ओटीपी सुरक्षित रखने, संदिग्ध लिंक एवं ई-मेल से सावधान रहने तथा इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने बताया कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक डिजिटल नागरिक की जिम्मेदारी है। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. चौधरी ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में अकादमिक निदेशक प्रो. जे.जे. मिश्रा द्वारा डॉ. अर्जुन चौधरी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
